भारत की राजनीति का गहरा संकट : नफरती माहौल और लोकतंत्र की हार



रांची : हमारा देश भारत आज एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है जहाँ सत्ता का स्वरुप,उसका आचरण और उसका असर आम जनजीवन पर स्पष्ट दिख रहा है. केंद्र में भाजपा गठबंधन की सरकार है. देश के अधिकांश राज्यों में भी भाजपा या उसके सहयोगी दल सत्ता में हैं. कुछ राज्यों में विपक्षी दलों की सरकारें हैं,लेकिन कुल मिलाकर राजनीतिक शक्ति का संतुलन एक तरफ झुका हुआ है. इस स्थिति में सबसे चिंताजनक बात यह नही है कि कौन सत्ता में है,बल्कि यह है कि सत्ता चाहे किसी की हो—भाजपा गठबंधन की या विपक्षी दलों की हो. आम नागरिक,खासकर आदिवासी,दलित,पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों के जीवन की वास्तविकता लगातार बदतर होती जा रही है. नफरत का माहौल, गैर-जरुरी मुद्दों का प्रचार,विस्थापन, भूमि लूट,बेरोजगारी,माफिया राज, भ्रष्ट पतित धन पिपासु राजनेताओं- नौकरशाहों की लूट-खसौट भ्रष्टाचार घोटाला और लोकतांत्रिक मूल्यों का क्षरण—ये सब मिलकर एक ऐसी तस्वीर बना रहे हैं जिसमें संविधान की मूल भावना धीरे-धीरे कमजोर पड़ती दिख रही है.

सत्ता का विस्तार और नफरत का व्यवस्थित प्रसार : 

केंद्र में भाजपा गठबंधन की सरकार के लंबे शासन काल में राजनीतिक विमर्श का स्वर तेजी से बदला है. विकास,रोजगार,शिक्षा,स्वास्थ्य और किसान संकट जैसे बुनियादी मुद्दों की जगह पहचान,धर्म,इतिहास की व्याख्या और सांस्कृतिक प्रतीकों पर आधारित बहस ने जगह ले ली है. देश के अंदर चारों तरफ मंदिर-मस्जिद विवाद,ऐतिहासिक आख्यानों का राजनीतिकरण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की अतिरंजित व्याख्या और “हम” बनाम “वे” की राजनीति लगातार परोसी जा रही है. इसका सीधा नतीजा समाजिक धार्मिक सांप्रदायिक उन्मादी माहौल और जातिगत मतभेदों से गहरा ध्रुवीकरण हो रहा है.अल्पसंख्यक समुदायों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है.दलित और आदिवासी समुदायों के भीतर भी हिंसा,भेदभाव और प्रशासनिक उपेक्षा की घटनाएं रुकने का नाम नही ले रही हैं.

यह कहना गलत होगा कि केवल भाजपा गठबंधन ही इसके लिए जिम्मेदार है. विपक्षी दलों की सरकारों वाले राज्यों में भी जातिगत हिंसा,पुलिस की ज्यादती, दलितों, अल्पसंख्यकों के खिलाफ पूर्वाग्रह और आदिवासी इलाकों में भूमि अधिग्रहण के मामले सामने आते रहे हैं. लेकिन केंद्र और अधिकांश राज्यों में एक ही गठबंधन के होने से यह माहौल और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और व्यापक योजनाबद्ध तरीके से फैलाया जा रहा है.मीडिया का एक बड़ा हिस्सा,सोशल मीडिया अभियान और प्रशासनिक तंत्र का एक हिस्सा इस ध्रुवीकरण को बढ़ावा देने में सक्रिय दिखता है. नतीजतन, आम आदमी की रोजमर्रा की समस्याएं—महंगाई,स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली,शिक्षा की गुणवत्ता,युवा बेरोजगारी की चर्चा गौण हो जाती है. राजनीति अब समस्याओं के समाधान से ज्यादा भावनाओं के प्रबंधन का खेल बन कर रह गई है.

लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने और हारने का नाम नही है. यह संविधान की मूल भावना जैसे समानता,स्वतंत्रता,बंधुत्व और सामाजिक न्याय को जीवित रखने का नाम है. जब सत्ता पक्ष लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने,असहमति को देशद्रोह या “राष्ट्र-विरोधी” बताने और आलोचना को दबाने की कोशिश करता है. तो लोकतंत्र की जड़ें कमजोर होती हैं.विपक्षी दल भी अक्सर सत्ता में आने पर वही रवैया अपनाते हैं. यानी समस्या केवल एक दल या गठबंधन की नही,बल्कि सत्ता के चरित्र और उसके दुरुपयोग की है.

आदिवासी,दलित,पिछड़े और अल्पसंख्यक लगातार हाशिए पर धकेल जा रहे हैं: 


आदिवासी समुदाय भारत की सबसे पुरानी और सबसे उपेक्षित आबादी में से एक है. उनके जंगलों,जमीनों, जल स्रोतों और संस्कृति पर लगातार हमला हो रहा है. विकास के नाम पर बड़े-बड़े उद्योग,खनन परियोजनाएं, बांध,हाईवे,पावर प्लांट और शहरी विस्तार परियोजनाएं चलाई जा रही हैं. इन परियोजनाओं से लाखों परिवार विस्थापित हो चुके हैं. मुआवजा या तो अधूरा मिलता है,या देरी से मिलता है,या बिल्कुल नही मिलता है. पुनर्वास की नीतियां कागजों पर आकर्षक लगती हैं, लेकिन जमीन पर उनका क्रियान्वयन बेहद कमजोर और अक्सर धोखाधड़ी भरा होता है. आदिवासी इलाकों में माफिया-राज, अफसरशाही और राजनीतिक संरक्षण की मिलीभगत आम बात हो गई है.जमीन हड़पने,जंगल काटकर अवैध खनन करने,स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने और उनके पारंपरिक अधिकारों को नकारने के मामले लगातार सामने आते रहते हैं.

सबसे दुखद बात यह है कि आदिवासियों के मामले में लगभग सभी सरकारों चाहे केंद्र हो या राज्य, भाजपा गठबंधन हो या विपक्षी गठबंधन की सरकारें हों सबकी भूमिका जनविरोधी नीतियों को लागू करने की ही रही है. वन अधिकार कानून (Forest Rights Act) को सही तरीके से लागू नही किया जा रहा है. पांचवीं अनुसूची क्षेत्र अनुच्छेद 244, सीएनटी-एसपीटी एक्ट,पेसा कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. कई जगहों पर आदिवासियों को उनके पारंपरिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है. विकास परियोजनाओं के नाम पर उनकी सहमति के बिना या दिखावटी सहमति के साथ जमीन ली जा रही है. यह न केवल उनके आर्थिक अधिकारों का हनन है,बल्कि उनकी सांस्कृतिक अस्मिता,भाषा और जीवन शैली पर भी सीधा हमला है. विस्थापन के बाद वे शहरों की झुग्गियों में पलायन करते हैं,जहाँ उनकी स्थिति और बदतर हो जाती है.

दलित और पिछड़े वर्गों की स्थिति भी बेहतर नही है. जातिगत हिंसा की घटनाएं रुकने का नाम नही ले रही हैं. शिक्षा और रोजगार में आरक्षण के बावजूद उच्च पदों,न्यायपालिका, मीडिया और कॉरपोरेट क्षेत्र में उनकी भागीदारी अपेक्षाकृत बहुत ही कम है. ग्रामीण इलाकों में अभी भी जातिगत भेदभाव,अस्पृश्यता, सामाजिक बहिष्कार और हिंसा की घटनाएं होती हैं.  पुलिस और प्रशासन अक्सर शक्तिशाली जाति समूहों के दबाव में काम करते दिखते हैं.  सत्ता पक्ष हो या विपक्ष,इन मुद्दों पर ठोस,निरंतर और ईमानदार कार्रवाई का अभाव साफ दिखता है.  दलित और पिछड़े वर्गों को वोट बैंक के रुप में तो इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन उनके वास्तविक सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए आवश्यक राजनीतिक इच्छाशक्ति गायब रहती है. 

अल्पसंख्यक समुदायों—खासकर मुसलमानों के खिलाफ नफरत का माहौल बढ़ना एक गंभीर चिंता का विषय है:  भाषणों,स्टेटमेंट्स,सोशल मीडिया अभियानों और कभी-कभी प्रशासनिक कार्रवाइयों के जरिए उन्हें बार-बार निशाना बनाया जाता है.  नागरिकता संबंधी कानूनों और नीतियों को लेकर उनके मन में गहरा डर और अनिश्चितता पैदा हुई है.  वहीं ईसाई समुदाय के खिलाफ भी धर्मांतरण के नाम पर हमले,दबाव और सामाजिक बहिष्कार की घटनाएं रिपोर्ट होती रही हैं. ये सब मिलकर सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचा रहे हैं और देश की बहुलतावादी छवि को धूमिल कर रहे हैं.

विस्थापन,पलायन,बेरोजगारी और माफिया राज : आज की सच्चाई:

आज की सबसे बड़ी सच्चाई विस्थापन और पलायन भी है. गांवों से शहरों की ओर पलायन जारी है क्योंकि कृषि संकटग्रस्त है,छोटे और मध्यम उद्योग बंद हो रहे हैं या प्रतिस्पर्धा में टिक नही पा रहे हैं. स्थानीय स्तर पर स्थायी रोजगार के अवसर नही बन रहे हैं. बड़े उद्योग और सेवा क्षेत्र में रोजगार सीमित संख्या में ही पैदा हो रहा है, वह रोजगार भी अक्सर असुरक्षित,कम वेतन वाला और बिना सामाजिक सुरक्षा वाला मिल पाता है. युवा बेरोजगारी एक विकराल समस्या बन चुकी है. शिक्षा व्यवस्था भी रोजगार योग्य कौशल और आलोचनात्मक सोच नही दे पा रही है. डिग्री लेकर भी युवा नौकरी के लिए भटक रहे हैं या कम वेतन वाली gig economy में फंस गए हैं.

जमीन लूट और माफिया राज एक और गंभीर समस्या है. शहरों में अवैध निर्माण,ग्रामीण इलाकों में जमीन हड़पने के मामले,खनन माफिया का प्रभाव और रियल एस्टेट माफिया का फैलाव प्रशासन की कमजोरी और राजनीतिक संरक्षण को उजागर करता है.  अफसरशाही और राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण ये माफिया फलते-फूलते हैं. आम आदमी के लिए न्याय पाना मुश्किल हो जाता है क्योंकि व्यवस्था शक्तिशाली और धनवान के पक्ष में झुकी हुई लगती है.  दबंगई, थाने-कचहरी में प्रभाव और स्थानीय स्तर पर हिंसा का सहारा लेकर जमीन और संसाधन हथियाने की घटनाएं आम हो गई हैं.

आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में यह समस्या और भी विकराल है. जंगल,खनिज और जल संसाधनों पर कॉरपोरेट और माफिया दोनों की नजर है. स्थानीय समुदायों को “विकास” के नाम पर विस्थापित किया जाता है,लेकिन विकास का लाभ उन्हें नही मिलता है. बेरोजगारी,पलायन और गरीबी का दुष्चक्र जारी रहता है.

लोकतंत्र,संविधान और जनभावना का क्षरण: 

लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी संस्थाएं —चुनाव आयोग, न्यायपालिका,संसद,स्वतंत्र मीडिया और सक्रिय नागरिक समाज होती हैं. जब इन संस्थाओं पर सवाल उठने लगते हैं,जब स्वतंत्रता को सीमित करने वाले कानूनों का दुरुपयोग बढ़ता है,जब असहमति को दंडनीय बनाया जाता है तो लोकतंत्र कमजोर पड़ता है. चुनावों में पैसे, शक्ति और संगठित मशीनरी का बढ़ता प्रभाव,स्वतंत्र मीडिया की जगह पक्षपाती प्रचार और “गोदी मीडिया” का हावी होना,नागरिक समाज के संगठनों पर दबाव—ये सब चिंता के विषय हैं.

संविधान ने सामाजिक न्याय,समानता,कमजोर वर्गों के संरक्षण और धर्मनिरपेक्षता की गारंटी दी है. लेकिन जमीनी हकीकत में ये गारंटियां वर्तमान में काफी कमजोर पड़ती दिख रही हैं. जब दलितों,आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा होती है. और दोषियों को सजा नही मिलती या देरी से मिलती है,तो संविधान की आत्मा घायल होती है. जब विस्थापितों को न्याय नही मिलता है,जब बेरोजगार युवा निराश होकर घर बैठे रहते हैं या पलायन करते हैं,जब किसान कर्ज में डूबे रहते हैं और आत्महत्याएं जारी रहती हैं—तब लोकतंत्र महज एक औपचारिकता बनकर रह जाता है. आज की कटु सच्चाई है कि जनभावना को रोंदने का काम केवल एक दल नही कर रहा है. सत्ता में आने वाला हर दल जब जनहित से ज्यादा सत्ता हित को प्राथमिकता देता है,तो यही होता है.

विपक्षी दलों की भूमिका भी इस संदर्भ में बहुत ईमानदार नही रही है. वे सत्ता पक्ष की आलोचना तो करते हैं,लेकिन सत्ता में आने पर अक्सर वही नीतियां,वही विकास मॉडल और कभी-कभी वही ध्रुवीकरण की राजनीति अपनाते हैं. आंतरिक लोकतंत्र की कमी,परिवारवाद, अवसरवाद और सिद्धांतहीन गठबंधन उनके भीतर भी मौजूद हैं. नतीजतन आम नागरिक के पास वास्तविक वैकल्पिक एजेंडा सीमित हो जाता है. विपक्ष अगर केवल विरोध करता रहे और ठोस, जनपक्षीय विकल्प पेश न करे,तो वह भी लोकतंत्र को मजबूत नही कर सकता है.

राजनीतिक कार्यकर्ताओं से ईमानदार अपील: 

आज सबसे जरुरी काम राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का ईमानदार चिंतन,मनन और मंथन का है. उन्हें खुद से कठोर सवाल पूछने होंगे कि यह देश कहाँ जा रहा है? क्या हम एक ऐसे समाज की ओर बढ़ रहे हैं जहाँ नफरत,विभाजन और हिंसा आम बात हो जाए? क्या विकास का मतलब सिर्फ जीडीपी की संख्या, बड़े प्रोजेक्ट्स और कॉरपोरेट मुनाफा बढ़ाना है,जबकि करोड़ों लोग विस्थापित,बेरोजगार और असुरक्षित रहें ? क्या लोकतंत्र का मतलब सिर्फ हर पांच साल में वोट डालना है,जबकि रोजमर्रा की जिंदगी में न्याय,गरिमा और सुरक्षा उपलब्ध न हो?

कार्यकर्ताओं को पार्टी लाइन,नेता के निर्देश और सत्ता के नशे से ऊपर उठकर सोचना होगा. उन्हें यह समझना होगा कि सत्ता अस्थायी है, लेकिन देश,समाज की सेहत,सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्य स्थायी जिम्मेदारी हैं. आदिवासियों की जमीन और जंगल बचाना,दलितों को सुरक्षा और सम्मान देना,अल्पसंख्यकों को भयमुक्त जीवन देना,युवाओं को सार्थक रोजगार देना,किसानों को न्याय दिलाना और माफिया राज को समाप्त करना—ये सब किसी एक दल या गठबंधन का एजेंडा नही, बल्कि पूरे देश और संविधान का एजेंडा होना चाहिए.

राजनीतिक दलों को भी विकास का मॉडल बदलना होगा। विकास ऐसा होना चाहिए जो स्थानीय समुदायों को साथ लेकर चले,न कि उन्हें उजाड़कर बर्बाद करता रहे. जल,जंगल,जमीन के अधिकारों और परंपरा संस्कृति को सम्मान करना होगा. शिक्षा और स्वास्थ्य को वास्तविक प्राथमिकता देनी होगी. असहमति को दबाने के बजाय उसे लोकतंत्र की ताकत मानना होगा। मीडिया को स्वतंत्र रहने देना होगा। संस्थाओं को कमजोर नही,मजबूत करना होगा.

वर्तमान स्थिति चिंताजनक एवं गैर- संविधान चहलकदमी: 

आज की स्थिति चिंताजनक है. नफरत का माहौल,विस्थापन, बेरोजगारी,जमीन लूट,माफिया राज और संवैधानिक मूल्यों का क्षरण वास्तविकता बन चुके हैं. भाजपा गठबंधन की सरकारें जहाँ नफरत और गैर-जरुरी मुद्दों को बढ़ावा दे रही हैं,वहीं विपक्षी दल भी पूरी तरह ईमानदार और जनपक्षीय विकल्प पेश करने में विफल रहे हैं.  आदिवासियों के मामले में तो लगभग सभी सरकारों की भूमिका जनविरोधी ही रही है. 

लेकिन निराशा अंतिम शब्द नही हो सकती है। नागरिक समाज, न्यायपालिका के कुछ हिस्से,स्वतंत्र आवाजें और जागरुक नागरिक अभी भी सक्रिय हैं. राजनीतिक कार्यकर्ता अगर ईमानदारी से चिंतन करें,अपनी पार्टियों के अंदर दबाव बनाएं और सिद्धांत की राजनीति की ओर लौटें,तो बदलाव संभव है। सत्ता पक्ष को समझना होगा कि नफरत की राजनीति लंबे समय तक टिक नही सकती हैं और विकास का वर्तमान मॉडल असंतुलित तथा अन्यायपूर्ण है। विपक्ष को समझना होगा कि केवल आलोचना काफी नही,ठोस,जनपक्षीय और वैकल्पिक एजेंडा पेश करना जरुरी है।

हमारा देश कहाँ जा रहा है—यह सवाल हर राजनीतिक कार्यकर्ता,हर जिम्मेदार नागरिक और हर सत्ताधारी को खुद से पूछना चाहिए। जवाब जितना कटु और असुविधाजनक होगा,उतना ही आवश्यक है। क्योंकि सच्चाई का सामना किए बिना, आत्मालोचना किए बिना और दिशा परिवर्तन किए बिना सुधार संभव नही है। भारत को एक ऐसे रास्ते पर ले जाने की जरुरत है जहाँ न्याय,समानता,गरिमा और सुरक्षा सबके लिए उपलब्ध हो—न कि केवल चुनिंदा वर्गों के लिए हो. 

 आलेख : लक्ष्मीनारायण मुंडा, सामाजिक कार्यकर्ता, रांची।

   (यह लेखक के निजी विचार है) 

Post a Comment

0 Comments