मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है. यहां की खनिज संपदा से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, लेकिन विडंबना है कि जिन आदिवासियों की जमीन से खनिज संपदा निकाली जा रही है, वही समाज आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है. इस स्थिति में बदलाव लाने के लिए समाज के सभी लोगों को एकजुट और संगठित होना होगा. उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर यहां के लोगों की भी हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए.
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को समाज के विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों को समझ सकता है और विकास की मुख्यधारा में अपनी मजबूत भागीदारी निभा सकता है. शिक्षा से समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आएगा. उन्होंने युवाओं से शिक्षित होकर अपने समाज और राज्य के उत्थान में योगदान देने की अपील की.
लुगुबुरू को राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना:
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगुबुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को देश के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. राज्य सरकार ने इस पवित्र स्थल को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने का निर्णय लिया है, ताकि देशभर से आदिवासी समाज के लोग यहां आकर इसकी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता को समझ सकें. उन्होंने कहा कि इस स्थल के विकास के लिए प्रत्येक वर्ष प्रयास किए जा रहे हैं. महोत्सव के आयोजन में भी सरकार की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. आने वाले समय में यहां बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास के कई कार्य किए जाएंगे.
लुगुबुरू में बनेगा संग्रहालय, नई पीढ़ी जानेगी अपनी संस्कृति:
उन्होंने सरना धर्म कोड के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार इसके लिए लगातार प्रयास कर रही है. वर्तमान में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और आगामी जनगणना का कार्य भी शुरू होने वाला है. ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक रहने और इन प्रक्रियाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.
दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रूपी सोरेन की स्मृति में खिचड़ी प्रसाद
मुख्यमंत्री ने बताया कि लुगुबुरू राजकीय महोत्सव के अवसर पर उनके दिवंगत पूज्य पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन की पावन स्मृति में तीन दिवसीय खिचड़ी प्रसाद वितरण किया जा रहा है.श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में खिचड़ी का वितरण किया जा रहा है.
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ललपनिया स्थित हेलीपैड पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
समारोह में पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, उमाकांत रजक, ऊर्जा विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन, आरसीसीएफ डॉ. आर. तांगा पंडीयान, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन, सचिव लोबिन मुर्मू समेत झारखंड के विभिन्न जिलों तथा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और नेपाल से आए प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग समारोह में शामिल हुए.
रिपोर्ट: कालीदास मुर्मू, संपादक आदिवासी परिचर्चा।


0 Comments