संसद भवन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए रिजिजू ने कहा कि सरकार NEET पेपर लीक और इससे जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा, “हम पहले दिन से कह रहे हैं कि सरकार देश और युवाओं के हित में किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।”
रिजिजू ने स्पष्ट किया कि सदन में चर्चा नियमों के तहत और सार्थक तरीके से होनी चाहिए.उन्होंने कहा, “सीधे सड़कों पर उतरकर हंगामा करना सही नहीं है. चर्चा सकारात्मक और नियमों के अनुसार होनी चाहिए। सरकार व्यापक चर्चा चाहती है ताकि देश को पता चले कि सरकार ने क्या कदम उठाए हैं।”
मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार NEET पेपर लीक के बाद हुई घटनाओं, गिरफ्तारियों और कार्रवाई पर भी चर्चा करेगी, क्योंकि देश के लोगों को यह जानने का हक है. रिजिजू ने जोर देकर कहा, “मैं विपक्ष से अपील करता हूं कि सभी दलों के नेता स्पीकर से मिलें और तय करें कि चर्चा कब, किस नियम के तहत और कितने समय तक होगी. NEET पेपर लीक का मुद्दा सदन में पहले चर्चा का विषय होना चाहिए।”
सरकार की ओर से लगातार चर्चा के लिए तैयार रहने का संदेश देते हुए रिजिजू ने कहा कि युवाओं के भविष्य और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सार्थक बहस होनी चाहिए. NEET विवाद को लेकर संसद के मानसून सत्र में विपक्ष और सरकार के बीच तकरार जारी है. सरकार चर्चा का प्रस्ताव दे रही है, जबकि विपक्ष अभी भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है.
संकलन: कालीदास मुर्मू, संपादक आदिवासी परिचर्चा।

0 Comments