शहीदों और पूर्वजों के सपनों के अनुरूप राज्य का हो‌ रहा है विकास :हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री, झारखंड


रांची : मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं पूर्व मुख्यमंत्री तथा राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन आज स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती के अवसर पर लोवाडीह, रांची स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक पहुंचे। वहां उन्होंने अलग झारखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर मंत्री श्री जगरनाथ महतो, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्रीमती सीता सोरेन एवं अन्य ने भी दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

आदिवासी- मूलवासियों के लंबे आंदोलन और संघर्ष की उपज है झारखंड राज्य 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग झारखंड राज्य आंदोलन में यहां के वीर सपूत निर्मल महतो, बिनोद बिहारी महतो सहित हजारों आदिवासी- मूल वासियों ने अहम भूमिका निभाई । इन महान विभूतियों ने जल, जंगल, जमीन एवं अलग झारखंड राज्य की परिकल्पना को पूरा करने का काम कर दिखाया है। यह हम सभी के लिए  गौरव की बात है। अलग राज्य के लंबे संघर्ष में कई अगुआ साथी, मार्गदर्शक, पिता तुल्य एवं बड़े भाई समान वीर शहीदों ने अपना घर-द्वार छोड़कर इस राज्य के लिए सर्वस्व समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि झारखंड के जनमानस के बीच से जितने आंदोलनकारी निकल कर आए हैं तथा उन्होंने जिस तरह अपने आप को इस राज्य के लिए समर्पित किया  है, यह हर किसी के लिए प्रेरणा स्रोत है। 

राज्य में विकास के लिए सकारात्मक माहौल बनाने का काम कर रही सरकार : 

 मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के वीर सपूतों के लंबे संघर्ष के बाद अलग झारखंड राज्य हमें मिला, परंतु राज्य गठन के 20 वर्ष पूरे होने के बाद भी जो विकास और उन्नति का सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था वह  टूटता और बिखरता नजर आया है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में समस्त झारखंड वासियों ने पूरी ताकत और शिद्दत के साथ अपनी सरकार बनायी है। हमारी सरकार सभी के चेहरों पर मुस्कान वापस लौटने का काम कर रही है। कोरोना संक्रमण काल से निकलते हुए हमारी सरकार ने राज्य में सकारात्मक माहौल बनाने का काम किया है। हमारी सरकार निरंतर जन आकांक्षाओं और जनहित के कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी। 

अलग झारखंड के लिए बड़े भाई  ने सब कुछ न्योछावर कर दिया: 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की जयंती  पर उन्हें हर कोई याद कर रहा है। बड़े भाई दुर्गा सोरेन ने अपना जीवन राज्य एवं संगठन को समर्पित किया था। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए हम सभी को राज्य और संगठन को मजबूत और आगे बढ़ाना है।  मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि आप सभी राज्य सरकार की भावी योजनाओं को घर-घर  तक पहुंचाने में सरकार को सहयोग करें।  

जल, जंगल, जमीन को बचाना है: 

 पूर्व मुख्यमंत्री तथा राज्यसभा सांसद श्री शिबू सोरेन ने  कहा कि आज हम अपने वीर शहीदों को याद कर रहे हैं ।उन्होंने  यहां की प्राकृतिक संपदा तथा जल, जंगल, जमीन को बचाने का काम किया है। आने वाली पीढ़ी भी झारखंड के जल,जंगल, जमीन बचाने का प्रयास करे, इसी में सभी की भलाई है।

परमवीर चक्र विजेता शहीद अब्दुल हमीद को किया नमन: 

स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की जयंती पर माल्यार्पण कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के शहादत दिवस पर कांटाटोली चौक रांची स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित की।

इस अवसर राज्य समन्वय समिति के सदस्य सह झामुमो के पूर्व केन्द्रीय महासचिव श्री विनोद कुमार पांडेय, श्री सुप्रियो भट्टाचार्य, झामुमो राँची जिलाध्यक्ष श्री मुस्ताक आलम, केन्द्रीय सदस्य श्री समनुर मंसुरी,  सुशीला एक्का,  जिला सचिव डॉ हेमलाल कुमार मेहता हेमू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित थे

 कालीदास मुर्मू, संपादक आदिवासी परिचर्चा।


Post a Comment

0 Comments